Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: झारखंड में स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर बनेंगे युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की घोषणा

Ranchi.झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने और उन्हें स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है। क्रिकेट जगत में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और कम उम्र में शानदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बना चुके वैभव को लेकर यह निर्णय लिया गया है। मंत्री इरफान अंसारी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि भले ही उनकी टीम हालिया मुकाबला जीत नहीं पाई, लेकिन वैभव ने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि वैभव की सफलता लाखों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है।स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी को ब्रांड एंबेसडर बनाकर राज्य में स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैभव की सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली युवाओं को स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

स्वास्थ्य विभाग उनके साथ मिलकर फिटनेस, संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाएगा। मंत्री इरफान अंसारी ने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। देश को उन पर लंबे समय तक गर्व रहेगा। जल्द ही उन्हें झारखंड में औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।

Exit mobile version