
Rourkela. चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत झारसुगुडा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह ओवरहेड उपकरण में खराबी आ जाने से आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण इस मार्ग पर ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि ओवरहेड उपकरण (ओएचई) तारों, इंसुलेटरों और सहायक संरचनाओं की एक प्रणाली है जो ट्रेनों में उच्च-वोल्टेज बिजली संचारित करती है।
उन्होंने बताया कि सुबह 11 बज कर करीब 10 मिनट पर लगी आग स्टेशन की इमारत के कई कमरों में फैल गई। आग इतनी विकराल थी कि आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। सुरक्षा कारणों से रेल प्रशासन को झारसुगुड़ा रूट पर ट्रेनों का परिचालन कुछ घंटों के लिए पूरी तरह रोकना पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना के समय झारसुगुडा रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। रेलवे प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है और आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक ध्यान सिग्नलिंग व्यवस्था को बहाल करने पर है ताकि ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से सुचारू हो सके।
