Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS : JNAC क्षेत्र में पार्किंग शुल्क को लेकर नगर आयुक्त ने दी स्पष्ट जानकारी, 4 पार्किंग समूहों की बंदोबस्ती बाकी

जमशेदपुर: जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) क्षेत्र में पार्किंग शुल्क संग्रहण को लेकर नगर आयुक्त ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर शुल्क का संग्रहण विभागीय स्तर पर तथा अधिकृत वेंडर के माध्यम से किया जा रहा है।

नगर आयुक्त के अनुसार, साकची और बिष्टुपुर क्षेत्र में कुल 8 पार्किंग समूह निर्धारित हैं। इनमें से 4 पार्किंग समूहों की बंदोबस्ती फिलहाल नहीं हो सकी है। इन समूहों में राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए विभागीय स्तर पर पार्किंग शुल्क का संग्रहण जारी है।

4 पार्किंग समूहों का संचालन अधिकृत वेंडर के माध्यम से

वहीं, शेष 4 पार्किंग समूहों में से साकची के 3 और बिष्टुपुर के 1 पार्किंग समूह का संचालन बंदोबस्ती के माध्यम से अधिकृत वेंडर द्वारा किया जा रहा है।

JNAC की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन चार पार्किंग समूहों की बंदोबस्ती नहीं हो सकी है, उनकी नियमानुसार बंदोबस्ती की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इसके बाद इन पार्किंग स्थलों के संचालन को निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थित किया जाएगा।

नागरिकों से सुझाव और शिकायत देने की अपील

नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि पार्किंग शुल्क संग्रहण अथवा पार्किंग व्यवस्था से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा, शिकायत या सुझाव होने पर JNAC से संपर्क करें।

इसके लिए नागरिक JNAC हेल्पलाइन नंबर 079-70625111 पर संपर्क कर सकते हैं।

Exit mobile version