Site icon Lahar Chakra

Kashmir Terror: जम्मू-कश्मीर के बारामूला में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी ढेर

Srinagar. जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को नियंत्रण रेखा (LOC) पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी. घुसपैठ की यह कोशिश मंगलवार को दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के 24 घंटे से भी कम समय में की गयी है. पहलगाम में आतंकवादी हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए हैं जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे.

सेना ने कहा कि उत्तर कश्मीर जिले के उरी नाला में घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गयी. सेना ने एक बयान में कहा कि लगभग एक बजे, नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात सतर्क सैनिकों को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने का प्रयास कर रहे अज्ञात व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि का पता चला. घुसपैठियों को चुनौती दी गई और उनसे मुठभेड़ हुई, जिसके परिणामस्वरूप भारी गोलीबारी हुई. उसने कहा कि इस मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को ढ़ेर कर दिया गया. सेना ने कहा कि मुठभेड़ स्थल से दो एके सीरीज की राइफलें, एक चीनी पिस्तौल और 10 किलो आईईडी एवं अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है. उसने कहा कि आतंकवादियों को सफलतापूर्वक मार गिराना सुरक्षा बलों की उच्च सतर्कता और परिचालन तैयारियों को दर्शाता है.
उसने कहा कि आतंकवादियों की शिनाख्त की जा रही है.

Exit mobile version