Jamshedpur. बंगाल में गिरफ्तार सेंट्रल कमेटी के सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली नेता असीम मंडल उर्फ आकाश से अब जमशेदपुर पुलिस भी पूछताछ करने की तैयारी में है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद पूर्वी सिंहभूम समेत झारखंड में दर्ज पुराने नक्सली मामलों से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
फिलहाल पश्चिम बंगाल पुलिस असीम मंडल को 10 दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, जमशेदपुर पुलिस उसे रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। असीम मंडल के खिलाफ करीब 100 गंभीर मामले दर्ज बताए जाते हैं, जिनमें 55 मामले पूर्वी सिंहभूम जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
इन मामलों की संख्या को देखते हुए जिला पुलिस पुराने नक्सली कांडों के अलावा असीम मंडल के नेटवर्क, सहयोगियों और उसकी गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाना चाहती है। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया तेज की जा रही है। हालांकि, झारखंड पुलिस की टीम के कोलकाता पहुंचने की खबर सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
असीम मंडल का हथियार AK-47 बरामद नहीं
असीम मंडल की गिरफ्तारी को पांच दिन बीत चुके हैं। हालांकि, पुलिस अब तक उसके कथित मुख्य हथियार AK-47 को बरामद नहीं कर सकी है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को अब तक क्या जानकारी दी है, इस संबंध में भी आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस समीर महतो उर्फ मंगल को साथ लेकर झारखंड-बंगाल सीमा से सटे इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस अभियान में संभावित हथियार ठिकानों और नक्सली नेटवर्क से जुड़े अन्य सुरागों की तलाश की जा रही है।
