
रेड क्रॉस, पूर्वी सिंहभूम द्वारा 11 जुलाई 2026 से 26 अप्रैल 2027 तक
39 निःशुल्क नेत्र शिविरों का आयोजन लोहिया नेत्रालय, बागबेड़ा में होगा
जमशेदपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा संचालित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में द्रोपदी देवी–चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन, टाटा मुख्य अस्पताल तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से वर्ष 2026-27 के लिए 39 निःशुल्क नेत्र शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गर्मी समाप्त होने के बाद पर्व-त्योहारों एवं स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शिविरों की तिथियाँ निर्धारित की गई हैं। 11 जुलाई 2026 से 26 अप्रैल 2027 तक प्रत्येक सप्ताह शनिवार, रविवार एवं सोमवार को तीन दिवसीय नेत्र शिविर आयोजित होंगे। सभी शिविर बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में संपन्न होंगे।
वर्ष 2024 में आयोजित नेत्र ज्योति महायज्ञ के समापन अवसर पर तत्कालीन महामहिम राज्यपाल एवं वर्तमान उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन द्वारा ऑपरेशन थिएटर एवं नेत्र रोगियों के आवासीय परिसर के विस्तार का सुझाव दिया गया था। उनके सुझाव के अनुरूप इस वर्ष विस्तारित आधुनिक ऑपरेशन थिएटर तथा नेत्र रोगियों के लिए नया विस्तारित आवासीय हॉल तैयार हो चुका है, जिसका पूर्ण उपयोग इसी सत्र से प्रारंभ होगा। इससे अधिक संख्या में मरीजों को बेहतर एवं सुविधाजनक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
सत्र का प्रथम नेत्र शिविर 11 जुलाई से रेड क्रॉस के सहयोगी एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय चिमनलाल लाल भालोटिया तथा उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय द्रोपदी देवी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर के साथ जुलाई माह में 3 नेत्र शिविरों का आयोजन होगा, जिसमें 18 से 20 जुलाई रेड क्रॉस के पेट्रन एवं कृष्ण मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री कृष्ण मुरारी गुप्ता के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर विशेष नेत्र शिविर आयोजित किया जाएगा। 25 से 27 जुलाई जुलाई को महान उद्योगपति एवं भारत रत्न जे. आर. डी. टाटा की 122वीं जयंती के अवसर पर जेमीपोल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के सहयोग से नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव श्री बिजय कुमार सिंह, नेत्र ज्योति यज्ञ के चिकित्सा प्रमुख डॉ. बी. पी. सिंह तथा नेत्र शिविर संयोजक एवं उपाध्यक्ष श्री विकास सिंह ने बताया कि उपायुक्त सह अध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम श्री राजीव रंजन के मार्गदर्शन तथा जिला स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में राष्ट्रीय अंधापन निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत पिछले सत्र में 1,806 नेत्र रोगियों का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण कर उन्हें पुनः दृष्टि प्रदान की गई।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी सभी सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं समाज के सहयोग से यह अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को दृष्टि प्रदान कर “पीड़ित मानवता की सेवा” के रेड क्रॉस के संकल्प को साकार किया जाएगा।
