चाईबासा। कोल्हान विश्वविद्यालय के पोटो हो सभागार में गुरुवार को संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। राजनीति विज्ञान विभाग एवं माय भारत, पश्चिमी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई। इस दौरान अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए उसके आदर्शों एवं मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

संविधान लोकतांत्रिक आदर्शों का प्रतिबिंब: कुलपति
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने अपने संबोधन में संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और भारतीय लोकतंत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का आधार नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे लोकतांत्रिक आदर्शों का प्रतिबिंब है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की गहरी समझ विकसित करने और संवैधानिक मूल्यों को अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में जिम्मेदार भूमिका सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
मातृभाषा हो में पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय का संबोधन
विशिष्ट अतिथि पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय ने अपनी मातृभाषा हो में संबोधित करते हुए आदिवासी समाज के दृष्टिकोण से संविधान के महत्व को समझाया। उन्होंने संविधान में निहित अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए युवाओं को अपनी भाषा, संस्कृति और पहचान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और NSS स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन डॉ. मनमत एवं डॉ. संजीव आनंद ने किया। इस दौरान उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। अंत में डॉ. लक्ष्मी अल्डा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. दारा सिंह गुप्ता, पूर्व कुलसचिव एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व डीन डॉ. परशुराम सियाल तथा परीक्षा नियंत्रक सह टाटा कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रिंकी दोराई उपस्थित रहे।
इसके अलावा विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक, टाटा कॉलेज के शिक्षक, टाटा कॉलेज, जी.सी. जैन कॉलेज एवं महिला कॉलेज के छात्र-छात्राओं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव आनंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। माय भारत, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद, पंकज कुमार एवं पूरी टीम सक्रिय रही।
समारोह का उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग बनाना था।


