
Jamshedpur. कोल्हान विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह का आयोजन नवंबर 2025 में किया जाएगा, जिसमें एक साथ चार सत्रों (2021–2024) के स्नातक एवं स्नातकोत्तर उत्तीर्ण छात्रों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी. मंगलवार को यह निर्णय कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया.
बैठक की अध्यक्षता कुलपति ने स्वयं की, जिसमें दीक्षांत समारोह के महत्व और तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। दिशा-निर्देश दिए गए कि हर विभाग तत्परता से कार्य करें, ताकि सभी प्रमाणपत्रों का निर्माण, हस्ताक्षर की प्रक्रिया और सूची तैयारियों में कोई देरी न हो.
समारोह नवंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा. आयोजन से पहले महाधिपति (राज्यपाल) की स्वीकृति अपरिहार्य है; उपाधि वितरण और तिथि की घोषणा इसी स्वीकृति के बाद की जाएगी. इसमें न सिर्फ स्नातक एवं स्नातकोत्तर उत्तीर्ण विद्यार्थी शामिल होंगे, बल्कि पीएचडी उपाधि धारकों को भी सम्मानित किया जाएगा. हर विभाग के बेस्ट छात्र-छात्राओं और गोल्ड पदक विजेताओं को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा.
विशेष कमेटी गठित करने का फैसला
विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह की तैयारियों के लिए दो दिनों के भीतर एक विशेष कमेटी गठित करने का फैसला किया है. राज्यपाल ने भी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने की संभावना व्यक्त की गई है. राजभवन ने अनुमति मिलने के बाद विवि समारोह की फाईनल तिथि घोषित करेगा। बैठक में कुलपति ने कहा,दीक्षांत समारोह छात्रों के लिए प्रेरणादायक होगा. हम केवल टॉपर छात्रों को आमंत्रित कर रहे हैं ताकि समारोह अधिक प्रभावी और प्रेरक बने. डिग्री प्रमाण-पत्र सभी योग्य छात्र बाद में प्राप्त कर सकेंगे.
इन सत्र के पासआउट छात्र होंगे शामिल
कोल्हान विवि के दीक्षांत समारोह में यूजी व पीजी के वर्ष 2021, 22, 23 व 24 के पास आउट छात्रों को शामिल किया जाएगा. यह विवि छठवां दीक्षांत समारोह होगा. इससे पहले 2022 में समारोह आयोजित हुआ था. सभी डिग्रियां टेंडर के जरिए छपवायी जाएंगी. इसके साथ ही समारोह में शामिल होने वाले टॉपर छात्रों को विवि पहले सूचीत करेगा इसके बाद उन्हें रजिस्ट्रेशन फॉर्म देकर कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान करेगा. समारोह में शामिल होने वाले छात्रों को भारतीय परिधान में आना होगा.
