Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: लेफ्टिनेंट प्रतीक सिंह का जमशेदपुर में भव्य स्वागत, परसुडीह में हुआ सम्मान समारोह

जमशेदपुर। परसुडीह निवासी 26 वर्षीय प्रतीक सिंह उर्फ निखिल के ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), गया से एक वर्ष का सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर पहली बार सेना में लेफ्टिनेंट बनकर लौटने पर रविवार, 06 सितंबर को शहर में उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही परिजनों, शुभचिंतकों और स्थानीय निवासियों ने भारत माता के जयकारों, ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया। इसके बाद टाटानगर स्टेशन से परसुडीह तक एक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। परसुडीह को-ऑपरेटिव सोसाइटी कॉलोनी स्थित उनके आवास के पास एक भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह का आयोजन रानी देवी-अवधेश सिंह तथा सिंधुजा-जितेन्द्र कुमार सिंह एवं सपरिवार द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन अजय सिंह ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी, रिश्तेदार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट की वर्दी में प्रतीक को देखकर गर्व जताया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। पिता शैलेंद्र सिंह उर्फ बबलू और माता प्रतिमा सिंह के पुत्र प्रतीक सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट प्रतीक ने कहा, कि बचपन से ही मेरा सपना भारतीय सेना में जाने का था। आज की युवा पीढ़ी के लिए मेरा यही संदेश है कि मेहनत और लगन के आगे कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता। उन्होंने बताया कि उनकी पहली पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में हुई है और वे आगामी 26 सितंबर को वहां अपनी ड्यूटी पर रिपोर्ट करेंगे। समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके उज्ज्वल और यशस्वी भविष्य की कामना की।

Exit mobile version