

Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड के पांडरा गांव में सोमवार दोपहर बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुनीता महतो,भानु महतो एवं सरिता महतो गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका ईचागढ़ सीएचसी में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतकों की पहचान सोना मनी महतो (41) और मुक्ता महतो (35) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब दो बजे दोनों महिलाएं धान खेत में थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के बीच वज्रपात होने से दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं।गंभीर रूप से झुलसने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इचागढ़ से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक सबिता महतो ने बताया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा है। महतो ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पीड़िताओं के परिजन को सरकारी नियमों के अनुसार उचित मुआवजा देने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

