Jamshedpur. टाटा स्टील में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कंपनी के प्रबंधन ने संगठनात्मक बदलाव करते हुए प्रभात कुमार सिंह, मनीष अंबष्ठ, अंकिता केविन नटाल और निधि जैन समेत कई अधिकारियों की भूमिकाओं में बदलाव किया है। इनमें से कई नियुक्तियां और बदलाव 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगे, जबकि निधि जैन से जुड़ा बदलाव 1 दिसंबर से लागू होगा। प्रभात कुमार सिंह को हेड, फिजिकल डिस्ट्रीब्यूशन एंड सैटेलाइट यूनिट्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 नवंबर से उन्हें अपने मौजूदा स्तर पर चीफ ऑपरेशंस एंड सप्लाई चेन न्यू मैटेरियल बिजनेस (एनएमबी) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वे कोलकाता से कार्य करेंगे और चीफ न्यू मैटेरियल बिजनेस को रिपोर्ट करेंगे।

टाटा स्टील प्रबंधन ने मनीष अंबष्ठ को पदोन्नत करते हुए 1 नवंबर से टाटा स्टील मेरामंडली में चीफ लॉजिस्टिक्स ऑपरेशंस की जिम्मेदारी सौंपी है। वे मेरामंडली से काम करेंगे और चीफ लॉजिस्टिक्स को रिपोर्ट करेंगे। टाटा स्टील की अधिकारी अंकिता केविन नटाल का ‘द टाटा पिगमेंट्स लिमिटेड’ में डेपुटेशन दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है। वह 1 नवंबर 2023 से तीन साल के डेपुटेशन पर थीं। अब इस अवधि का विस्तार 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होगा। इस दौरान वे जमशेदपुर में रहकर काम करेंगी और प्रशासनिक कार्यों के लिए चीफ पीपल ऑफिसर (सीपीओ) को रिपोर्ट करेंगी।

टाटा स्टील की अधिकारी निधि जैन का ‘टाटा स्टील ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर लिमिटेड’ में डेपुटेशन दो वर्ष के लिए बढ़ाया गया है। वह 1 दिसंबर 2023 से प्रतिनियुक्ति पर थीं। नए विस्तार के तहत वह कोलकाता से कार्य करेंगी और प्रशासनिक स्तर पर चीफ पीपल ऑफिसर (सीपीओ) को रिपोर्ट करती रहेंगी। यह बदलाव 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगा।
बदलाव से कामकाज में आएगी नई व्यवस्था
टाटा स्टील में किए गए इन बदलावों का उद्देश्य विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों में जिम्मेदारियों का पुनर्गठन और संचालन व्यवस्था को मजबूत करना है। नई नियुक्तियों से लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन, वितरण और प्रशासनिक कार्यों में संबंधित अधिकारियों की भूमिका और जवाबदेही तय होगी।

