Site icon Lahar Chakra

AK-56 राइफल समेत अवैध हथियारों के जखीरा के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार, बड़ी वारदात को अंजाम देने की बना रहा था योजना

Ranchi. झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एके-56 राइफल समेत अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकार के कारतूस, मैगजीन और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। उन्होंने बताया, “हमें सूचना मिली थी कि रोहित शर्मा नाम का एक व्यक्ति अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ सिसई थाना क्षेत्र के लोकाटोली गांव निवासी राजेंद्र यादव के घर पहुंचा है और उसके पास अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा है।”

पुलिस के अनुसार, यह समूह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात पुलिस की एक टीम लोकाटोली गांव के बाहरी इलाके में पहुंची जहां उसे सड़क किनारे एक लाल रंग की कार खड़ी मिली, जिसमें चार से पांच लोग सवार थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही कार में बैठे सभी लोग बाहर निकले और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से एक एके-56 राइफल, एक देशी कार्बाइन, कई मैगजीन और अलग-अलग बोर के कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया, “मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए बृहस्पतिवार को व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।” पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, अवैध हथियारों के स्रोत और कथित आपराधिक साजिश के बारे में भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version