
Hydrabad. ओपल सुचाता चुआंगश्री ने रविवार को कहा कि वह मिस वर्ल्ड के रूप में अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान दुनिया भर में घूमना पसंद करेंगी और अपने ‘ब्यूटी विद अ परपज’ अभियान के साथ-साथ अन्य दिलचस्प कार्य करना चाहेंगी. मिस वर्ल्ड चुआंगश्री ने यह भी कहा कि मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के लिए तेलंगाना में उनका प्रवास उनके जीवन के सबसे बेहतरीन अनुभवों में से एक रहा. थाईलैंड की चुआंगश्री ने कहा कि अगले वर्ष मैं अपना समय दुनिया भर में घूमकर बिताना पसंद करूंगी और उन लोगों की मदद करना चाहूंगी, जिन्हें मेरे अभियान और कार्य दोनों की जरूरत है.
चुआंगश्री ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान उनकी मुलाकात बहुत से ऐसे लोगों से हुई जो बहुत दयालु थे और उन्हें राज्य की कई खूबसूरत जगहों पर जाने का मौका मिला. मिस वर्ल्ड ने कहा कि दुनिया भर से अपने साथी प्रतियोगियों के साथ इस अनुभव को साझा करना और भी बेहतर रहा. चुआंगश्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सपने सच होते हैं. ‘मिस वर्ल्ड’ ने कहा कि वह भारत में बिताए अपने समय को हमेशा याद रखेंगी. उन्होंने कहा कि मैं अभी अपने मित्रों से बात कर रही थी कि मैं इस जगह को छोड़ना नहीं चाहती क्योंकि हम जहां रह रहे थे, वह जगह, यहां के लोग, यहां का खाना और हर चीज (बहुत अच्छी है.) हम यहां आकर बहुत खुश हैं.
यह एक शानदार यात्रा रही. मैंने यहां सभी के साथ यादगार समय बिताया. मिस वर्ल्ड ने कहा कि हालांकि वह ‘ब्यूटी विद अ परपज’ के तहत अपनी स्वयं की परियोजना पर काम करेंगी, लेकिन साथ ही वह अन्य प्रतियोगियों की योजनाओं में भी सहयोग करने का प्रयास करेंगी. इथियोपिया की हासेट डेरेजे एडमसु को उपविजेता घोषित किया गया. द्वितीय उपविजेता पोलैंड की माजा क्लाज्दा और तृतीय उपविजेता मार्टीनिक के ऑरेली जोआचिम रहीं. भारत की प्रतिभागी नंदिनी गुप्ता शीर्ष आठ में पहुंचने से पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गईं. भारत ने मिस वर्ल्ड की तीसरी बार मेजबानी की. भारत में पहली मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता1996 में बेंगलुरु में आयोजित की गई थी. पिछले साल दिल्ली और मुंबई ने 71वीं मिस वर्ल्ड की मेजबानी की थी.
