


Jamshedpur. जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में साइक्लोन और निम्न दबाव क्षेत्र की सक्रियता के कारण मानसून पूरी तरह हावी है. जमशेदपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदल गया. हवा के साथ तेज बारिश हुई. आज भी झमाझम बारिश हो रही है. वहीं मौसम विभाग ने संथाल परगना के जिलों में भी बारिश की बात कही है. मौसम विभाग ने बताया है कि 24 और 25 जून को झारखंड के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है. इन दिनों भी वज्रपात की आशंका के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है. 26 जून को भी गरज तड़क के साथ बारिश हो सकती है.
मौसम केंद्र रांची के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसका असर पूरे झारखंड में दिखेगा. इसके कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम केंद्र ने इसको लेकर 25 जून तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम केंद्र के अनुसार, 24 और 25 जून को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जतायी गयी है.
राज्य में अगले चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है. झारखंड में एक जून से 23 जून तक सामान्य 122.6 मिमी के मुकाबले 247.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो 102 प्रतिशत अधिक है.



