
Ranchi.मौसम विभाग ने झारखंड के विभिन्न जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. आज रांची सहित कुल आठ जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इधर राजधानी रांची सहित नौ जिलों में देर रात से सुबह तक बारिश हुई है. जिन जिलों में यह अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं।इन सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार रांची, लोहरदगा, खूंटी, सरायकेला-खरसांवा और पूर्वी सिंहभूम में बाकी जिलों की तुलना में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने की संभावना है.
इसके अतिरिक्त 27 जून को छह जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है. इन जिलों में गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसी तरह 28 जून को फिर से राज्य के आठ जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है. इनमें चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची के कुछ हिस्से, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिम सिंहभूम शामिल हैं. इन सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है.
29 जून को भी जारी रहेगी बारिश
इसके बाद 29 जून को पूर्वी झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. प्रभावित जिलों में गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, जामताड़ा, पाकुड़, गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ शामिल हैं. इन सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
