


Jamshedpur. जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में छह जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती हैं. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोल्हान के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक भारी बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
राज्य के लोहरदगा, लातेहार, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों के लिए भी चार जुलाई सुबह साढ़े आठ बजे तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है. रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, ‘दक्षिणी झारखंड के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसून के प्रभाव से राज्य में छह जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है.
उन्होंने बताया कि राज्य में 17 जून को मानसून की दस्तक के बाद से लगातार बारिश हो रही है. अधिकारियों के अनुसार, एक जून से दो जुलाई के बीच झारखंड में सामान्य बारिश 206.5 मिमी की तुलना में 382.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो 85 प्रतिशत अधिक है. इस अवधि में रांची जिले में सर्वाधिक 203 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद लातेहार में 182 प्रतिशत और पूर्वी सिंहभूम में 158 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई.



