


Chaibasa : झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में शुक्रवार को नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया. दीघा इलाके में हुए इस धमाके में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए.
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने पहले से ही जंगल में आईईडी विस्फोटक बिछा रखा था. जब जवान गश्त पर निकले, तो वे ब्लास्ट की चपेट में आ गए. धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायल जवानों को पहले प्राथमिक इलाज दिया गया और अब उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है. घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सारंडा जंगल नक्सलियों का गढ़ है और इससे पहले भी यहां कई हमले हो चुके हैं. फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.



