Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: पीएम मोदी ने अर्जुन मुंडा की माताजी का पूछा हालचाल, भावुक हुए पूर्व मुख्यमंत्री; पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा

जमशेदपुर/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मीयता और संवेदनशीलता ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा को भावुक कर दिया। एशियाई पैरा खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान और संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने अर्जुन मुंडा की माताजी के स्वास्थ्य के बारे में पूछकर उनका हालचाल जाना। प्रधानमंत्री के इस व्यक्तिगत स्नेह से अभिभूत अर्जुन मुंडा ने उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर के केडी जाधव हॉल में आयोजित कार्यक्रम में अर्जुन मुंडा भी शामिल हुए थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने एशियाई पैरा खेल 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से संवाद किया।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में पूछा। उनका यह व्यक्तिगत स्नेह और संवेदनशीलता उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय क्षण रहा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ व्यक्तिगत और पारिवारिक सरोकारों के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता उनके सहृदय व्यक्तित्व को दर्शाती है।

114 पदक जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने रचा इतिहास

अर्जुन मुंडा ने एशियाई पैरा खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने प्रतियोगिता में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों ने इस दौरान पांच नए विश्व रिकॉर्ड और नौ एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए।

उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां खिलाड़ियों के अदम्य साहस, कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण हैं।

तीरंदाजी में भारत ने जीते 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष के रूप में अर्जुन मुंडा ने तीरंदाजी टीम की उपलब्धि पर विशेष प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि भारतीय तीरंदाजों ने तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। एशियाई पैरा खेलों के किसी एक संस्करण में तीरंदाजी में भारत का यह अब तक का सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड है।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी दल के सामूहिक प्रयासों को दिया।

महिला खिलाड़ियों की उपलब्धि को बताया प्रेरणादायक

अर्जुन मुंडा ने भारतीय दल की महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय दल में शामिल 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि देश की बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भारतीय पैरा खिलाड़ियों की सफलता से देश में पैरा खेलों को प्रोत्साहित करने का संकल्प और मजबूत हुआ है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

अंत में अर्जुन मुंडा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Exit mobile version