


रांची . राज्य में मौजूद जैव विविधता को बढ़ाने और बचाने के लिए दो नए चिड़ियाघर (जू) के निर्माण समेत संरक्षण उपायों को लागू किया जाएगा. गिरिडीह और दुमका में नए चिड़ियाघर बनाने की मंजूरी State Biodiversity Board ने दी है.
वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लातेहार जिले के पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र से बाहर टाइगर सफारी प्रारंभ करने की योजना बनाई गई है.
मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में जैव विविधता बोर्ड ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ वन्य जीवों के संरक्षण उपायों को भी लागू करने का निर्णय लिया है.
इसके साथ ही जंगल क्षेत्र से पक्की सड़कों के निर्माण पर पूरी तरह रोक लगान की बात कही गई है. हालांकि इसके लिए सरकार के स्तरसे निर्णय होना है.
प्राकृतिक समृद्धि से अवगत होंगे पर्यटक
गिरिडीह जिले के संरक्षित वन भूमि क्षेत्र में 333.38 हेक्टेयर भूमि पर चिड़ियाघर का निर्माण किया जाएगा. जबकि दुमका के हिजला वन क्षेत्र में116.35 हेक्टेयर वन क्षेत्र में जू बनाया जाएगा.
लातेहार जिले में पीटीआर से बाहर के 150 एकड़ क्षेत्र में टाइगर सफारी का निर्माण होगा. राज्य की प्राकृतिक समृद्धि से देशभर के पर्यटकों को अवगत कराने के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग ने यह योजना बनाई है. इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बनेंगे. ग्रामीण हस्तकला को भी बढ़ावा मिलेगा.



