
Jamshedpur. एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में 1,114 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. इनमें बीटेक के 417, पीजी के 149 तथा पीएचडी के 46 विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी. शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में एमएससी (भौतिकी) के कृष्णाशिष मंडल (9.64 सीजीपी) और बीटेक (विद्युत अभियांत्रिकी) के प्रियांशु राज (9.52 सीजीपीए) को राष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त करने का गौरव हासिल होगा.
इस ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी. निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने बताया कि संस्थान के इतिहास में पहला अवसर होगा जब किसी राष्ट्रपति का आगमन हो रहा है. दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति के अलावा 8 विशिष्ट अतिथि, 27 विशेष अतिथि तथा 33 सदस्य शामिल होंगे. इनमें बोर्ड ऑफ गवर्नेंस, सीनेट सदस्य और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष शामिल हैं.
दो विशिष्ट विभूतियों को मानद उपाधि
विशिष्ट विभूतियों को मानद उपाधि समारोह का मुख्य आकर्षण दो प्रतिष्ठित हस्तियों को दी जाने वाली मानद उपाधियां होंगी. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज को समाज और संस्कृति में उनके योगदान के लिए ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर’ प्रदान किया जाएगा. वहीं, आरएसबी समूह के संस्थापक रवींद्र कुमार बेहरा को उद्योग एवं राष्ट्र निर्माण के लिए ‘डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी’ की मानद उपाधि से नवाजा जाएगा.
सीएम हेमंत सोरेन भी रहेंगे मौजूद
इस गरिमामय समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री समेत कई दिग्गज राजनेताओं और शिक्षाविदों की उपस्थिति होगी.
