Site icon Lahar Chakra

कोलकाता में हुआ पूर्वोत्तर उद्यमी सम्मेलन, रेल मंत्री को सौंपा गया कोल्हान क्षेत्र से संबंधित 10 सूत्रीय मांग पत्र

कोलकाता/आदित्यपुर। लघु उद्योग भारती (लउभा) द्वारा पूर्वोत्तर भारत के लिए एक उद्यमी सम्मेलन का आयोजन कोलकाता में किया गया। इस कार्यक्रम में देश के दो केंद्रीय मंत्री—रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल—मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन में कोल्हान क्षेत्र (झारखंड) के उद्योगपतियों ने भाग लिया और रेलवे से संबंधित महत्वपूर्ण मांगें सामने रखीं।

लघु उद्योग भारती लउभा के राष्ट्रीय सचिव और झारखंड प्रभारी इन्दर कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में कोल्हान क्षेत्र के उद्यमियों की एक टीम ने रेल मंत्री से मुलाकात कर एक 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में स्थानीय एमएसएमई के लिए रेलवे नेटवर्क सुधार की मांग प्रमुख रही।

READ MORE :नया पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम वर्ष के अंत तक तैयार, प्रति मिनट 1.5 लाख टिकट बुकिंग संभव

ज्ञापन में कहा गया कि चक्रधरपुर डिवीजन देश के सबसे व्यस्ततम मालवाहक रूटों में शामिल है, लेकिन स्थानीय उद्योगों को इससे अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। लउभा ने आग्रह किया कि सीनी-कांड्रा-गम्हरिया ट्राईजंक्शन में चौथी लाइन जल्द दी जाए, क्योंकि मौजूदा रेलवे ट्रैफिक के चलते यात्रियों और उद्योगों दोनों को परेशानी हो रही है।

इसके अलावा, टाटानगर से वाराणसी के लिए वंदे भारत ट्रेन, नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन, और चाईबासा-गम्हरिया के बीच अतिरिक्त ईएमयू पैसेंजर ट्रेनें चलाने की मांग की गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि टाटानगर स्टेशन अत्यधिक दबाव में है, जबकि हवाई अड्डा नहीं होने के कारण जमशेदपुर को बेहतर रेल कनेक्टिविटी की सख्त आवश्यकता है।

READ MORE :Jamshedpur News :अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा रक्तदान शिविर, 340 यूनिट रक्त संग्रहित

लघु उद्योग भारती ने झारखंड में रख-रखाव केंद्र, रेलवे शिविर, और ड्राई पोर्ट जैसी आधारभूत संरचनाएं विकसित करने की भी मांग की, ताकि राज्य की औद्योगिक क्षमता में वृद्धि की जा सके। साथ ही झारखंड में अनुपातिक अवसंरचना योजना लागू करने पर भी बल दिया गया।

सम्मेलन में ज्ञान जायसवाल, विनोद शर्मा, स्वपन मजूमदार, किशोर गोलछा, राकेश अग्रवाल, मनोज सहाय, विकास चंद्रा, सांवरमल शर्मा समेत कई प्रमुख उद्यमी शामिल हुए।

 

Exit mobile version