


जमशेदपुर.
शक्ति का दूसरा रूप है नारी,
खुद में ही सशक्त होती है नारी.
मां,बेटी, बहु न जाने कितने है उसके किरदार,
हर मुश्किल परिस्थिति की वो है सफल हकदार..
अंतराष्ट्रीय नारी दिवस के रूप में मनाया जाता है. नारी का जीवन न जाने कितनी ही मुश्किल परिस्थितियों से गुज़रकर साकार होता है. कभी खुद ही हर दर्द को अपने में समेटकर, प्रेम का संचार करती है, तो कभी खुद की चंडी का रूप बनकर दुष्टों का संहार करती हैं. अपनी ममता और स्नेह से अपने परिजनों का जीवन संवारती है.
जमशेदपुर के पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्विद्यालय में बड़े ही शानदार तरीके से “अंतर्राष्ट्रीय नारी दिवस” का आयोजन किया गया, जिसका मूल उद्देश्य एक नारी के किए गए तमाम बलिदान को उजागर करना था और उनको एक दिन समर्पण करना था, जहां सभी उनसे कुछ सीख पाएं और उनका सम्मान कर पाएं.
कार्यक्रम की शुरुआत माननीय अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत रूप से किया गया. इसके पश्चात विश्वविद्यालय की छात्रा ने मां दुर्गा और नारी का संबंध दिखाते हुए एक प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुत कर सभी में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया. इसके पश्चात, इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट यूथ ऑफिसर अंजली कुमारी को सम्मानित किया गया. उन्होंने सभी नारियों को संबोधित करते हुए कहा, “अगर नारी चाहे तो वो कुछ भी कर सकती है. अगर वो चाहे तो कुछ भी बन सकती है”. इसके बाद असिस्टेंट प्रोफेसर अंकिता बासु ने एक सुरीले गीत से सबका दिल मोह लिया. इसके पश्चात, हेड लाइब्रेरियन सविता हृदय को नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में उनके अभी तक के किए गए तमाम योगदान के लिए आभार प्रकट किया गया और साथ ही सम्मानित किया गया. इसके बाद विश्विद्यालय की छात्राओं ने नारियों के जज़्बे को जागते हुए बॉलीवुड गानों में नृत्य प्रस्तुत किया.
नेताजी सुभाष विश्विद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि ने अतिथि गण को संबोधित किया और कहा “एक नारी का जीवन सिर्फ त्याग का नहीं बल्कि अपने आनेवाली तमाम पीढ़ियों का मार्गदर्शन करने का होता है”.
कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि, प्रतिकुलपति प्रो. डॉ. आचार्य ऋषि रंजन, कुलसचिव नागेंद्र सिंह, प्रशासनिक विभाग के अनुष्ठाता नाजिम खान, शैक्षणिक विभाग के अधिष्ठाता प्रो. दिलीप शोम, आईटी विभाग के अधिष्ठाता, प्रो. डॉ. रंजन मिश्रा, शोध विभाग के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के विभागाध्याक्षा और संकाय सदस्यों ने अपनी उपस्थिति से इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. कार्यक्रम का संचालन पत्रकारिता विभाग की विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी ने किया.



