


पटना/हाजीपुर: पूर्व मध्य रेल (ECR) के महेंद्रूघाट (पटना) स्थित सभाकक्ष में शनिवार को समस्तीपुर मंडल की ‘मंडल संसदीय समिति’ की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले लोकसभा और राज्यसभा के दर्जनभर से अधिक सांसदों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य एजेंडा रेलवे के आधारभूत ढांचे का विकास और आम यात्रियों की सुविधाओं को और सुदृढ़ करना रहा।
महाप्रबंधक ने पेश किया विकास का ‘रिपोर्ट कार्ड’
बैठक के प्रारंभ में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने सभी सांसदों का स्वागत किया। महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए बताया कि यात्रियों को किफायती और सुरक्षित सफर देने के लिए मंडल से 08 अमृत भारत, 02 वंदे भारत और 01 नमो भारत ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीते छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर मंडल द्वारा 197 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। वर्तमान में इस मंडल से 246 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस और 130 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का नित्य संचालन हो रहा है।
22 स्टेशनों का ‘अमृत भारत योजना’ से हो रहा कायाकल्प
रेलवे अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के जरिए बताया कि समस्तीपुर मंडल के चयनित 22 स्टेशनों का ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत दीर्घकालिक विकास जारी है। इसके अलावा, दैनिक यात्रियों को बिना लाइन में लगे तुरंत जनरल टिकट देने के लिए 13 प्रमुख स्टेशनों पर 38 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVM) काम कर रही हैं। स्थानीय कारीगरों को बाजार देने के लिए मंडल के 40 स्टेशनों पर ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ के स्टॉल भी लगाए गए हैं।
बैठक में मौजूद रहे बिहार के ये दिग्गज सांसद
विकास के इस महामंथन में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी के अलावा सांसद मनोज कुमार झा, संजय कुमार झा, अखिलेश प्रसाद सिंह, धर्मशिला गुप्ता, राजेश रंजन (पप्पू यादव), दिनेश चंद्र यादव, गोपाल जी ठाकुर, रामप्रीत मंडल, दिलेश्वर कामैत, अशोक कुमार यादव, देवेश चन्द्र ठाकुर, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार सिंह, लवली आनंद, वीणा देवी और शांभवी चौधरी ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने सुझाव दिए।
केंद्रीय मंत्रियों के प्रतिनिधियों ने भी उठाई मांग
व्यस्तता के कारण जो केंद्रीय मंत्री बैठक में नहीं आ सके, उनके प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की आवाज बुलंद की। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के प्रतिनिधि कृष्ण मोहन पप्पु, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के प्रतिनिधि तरूण कुमार, कोयला राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे के प्रतिनिधि रंजीत कुमार चौबे समेत संजय जायसवाल, राजेश वर्मा और फैयाज अहमद के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नई ट्रेनों के ठहराव और जर्जर ओवरब्रिज के निर्माण का मुद्दा उठाया। अध्यक्ष रामनाथ ठाकुर ने सभी सांसदों को आश्वस्त किया कि प्राप्त बहुमूल्य सुझावों को रेलवे के आगामी विजन डॉक्यूमेंट में प्राथमिकता से शामिल किया जाएगा।




