



Ghana. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनकी ‘‘प्रतिष्ठित शासनकला और प्रभावशाली वैश्विक नेतृत्व’’ के लिए घाना के राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया. घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने प्रधानमंत्री मोदी को यह पुरस्कार प्रदान किया. प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित होने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. मोदी ने सम्मान स्वीकार करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने कहा, ‘मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से यह पुरस्कार विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं. उन्होंने इस सम्मान को दोनों देशों के युवाओं की आकांक्षाओं और उज्ज्वल भविष्य, घाना और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंधों तथा उनकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं एवं विविधता को समर्पित किया.
उन्होंने कहा, यह सम्मान एक जिम्मेदारी भी देता है और वह जिम्मेदारी भारत-घाना मित्रता को और मजबूत बनाने के लिए काम करने की है. भारत घाना के लोगों के साथ हमेशा खड़ा रहेगा और एक भरोसेमंद दोस्त एवं विकास में भागीदार के रूप में योगदान देना जारी रखेगा.
इससे पहले, मोदी और महामा के बीच बुधवार को व्यापक वार्ता होने के बाद दोनों देशों ने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक विस्तार दिया. प्रधानमंत्री मोदी की घाना की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है और तीन दशकों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की यह पहली घाना यात्रा है.



