
Ranchi. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान पाने वालों में तीन आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं। गृह विभाग ने पदक के लिए चयनित अधिकारियों और कर्मियों की सूची जारी कर दी है।
जारी सूची के मुताबिक, एक एएसआई को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया जाएगा। वहीं पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और तीन आईपीएस अधिकारियों समेत 23 अधिकारियों एवं कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। इस बार सम्मानित होने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
विशिष्ट सेवा के लिए जैप-1 के एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। वीरता पदक के लिए लातेहार के अवर निरीक्षक विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के एएसआई प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू का चयन हुआ है।
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में रेल के महानिरीक्षक डॉ. माइकल राज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी और कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं।
इसके अलावा स्पेशल ब्रांच के डीएसपी नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय, आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी तथा एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।
रांची जिला के एएसआई दीपक पुंज, सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो, एसटीएफ के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुण्डरी और हवलदार विजय थापा को भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। महिला पुलिसकर्मियों में जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो और प्रभा देवी तथा महिला हवलदार रंजिता कुजूर को सराहनीय सेवा पदक मिलेगा। जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया को भी सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह का भी सराहनीय सेवा पदक के लिए चयन किया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी चयनित अधिकारियों और कर्मियों को 13 अगस्त 2026 की अपराह्न तक वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। मुख्यालय ने कहा है कि यदि इस दौरान किसी पदक प्राप्तकर्ता का स्थानांतरण या नया पदस्थापन हो चुका है तो संबंधित वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक या नियंत्रक पदाधिकारी इसकी जानकारी पुलिस मुख्यालय को देंगे। स्वतंत्रता दिवस पर प्रदान किए जाने वाले ये पदक पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, वीरता और उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान का प्रतीक हैं।
