


Jamshedpur. टाटा स्टील के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 186वीं जयंती (3 मार्च) की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है. समारोह में टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के अलावा ग्रुप के वरीय अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। चेयरमैन समेत अन्य अतिथि 2 मार्च को शहर आ जाएंगे. इसी दिन चेयरमैन शाम 6.15 बजे जुबिली पार्क के लाइटिंग की शुरुआत स्विच ऑन कर करेंगे. हालांकि आम लोगों के लिए पार्क 3-5 मार्च तक शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक पैदल तथा रात 10 बजे से 11 बजे तक चार पहिया व दोपहिया वाहन के लिए खुला रहेगा. जानकारी टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा व वरीय अधिकारी आरके सिंह ने शुक्रवार शाम सेंटर फॉर एक्सीलेंस (सीएफई) आडिटोरियम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी.
इस साल शहर वासियों को स्वास्थ्य सेवा से संबंधित कई बेहतर सुविधाएं मिलेगी. कंपनी की ओर से शहर वासियों को कैंसर हॉस्पिटल में मॉडर्न ओटी, टीएमएच में स्पाइन क्लिनिक, स्ट्रोक यूनिट, पशुओं के लिए श्मशान और कंपनी के बंगलों के आउट हाउस में रहने वाले बच्चों के लिए जेआरडी में संचालित प्रेम ज्योति प्रांगण स्कूल को नए भवन के साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए लेटेस्ट उपकरण की व्यवस्था की गई है. इस स्कूल का बैंड शहर में मशहूर है. इन सुविधाओं के शुरु होने से शहरवासियों को बेहतर इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. वहीं इस साल समारोह के लिए बिष्टुपुर मेन रोड को भी बंद नहीं किया जाएगा.
जानें क्या है तैयारी
संस्थापक दिवस समारोह की तैयारी लगभग पूरी हो गई है.
टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय अधिकारी आरके सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि संस्थापक दिवस समारोह को लेकर जमशेदपुर शहर को पूरी तरह से सजा दिया गया है. जुबिली पार्क में की गई लाइटिंग की तरह ही शहर के पूर्वी क्षेत्र एग्रिको तथा पश्चिमी क्षेत्र सोनारी व कदमा में भी की गई है. वहीं जुबिली पार्क में होने वाली भीड़ को देखते हुए तीन प्रवेश व निकास द्वारा बनाए गए हैं. उन्होंने कहा कि रात 10 बजे से रात 11 बजे तक चार पहिया व दोपहिया वाहन की इंट्री व निकासी सिर्फ सीएफई गेट से हो होगी.
सुरक्षा के ये प्रबंध
पार्क आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए कंपनी के 150 सुरक्षा कर्मी तथा पुलिस के 200 जवान मौजूद रहेंगे. पार्क के अंदर वन-वे ट्रैफिक रहेगी. लोगों की सुरक्षा के लिए दो वाच टावर रहेंगे तथा पार्क के अंदर 8 जगहों पर टावर बनाया गया है, जहां पुलिस जवान के अलावा सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे. पार्क के हर कोने को सीसीटीवी कैमरा से कैप्चर किया गया है और वाच टावर में मौजूद रहने वाले पुलिस व कंपनी की अधिकारी इसकी मानिटरिंग करेंगे.
जमशेदपुर रोशनी से नहाया
समारोह में पूरे जमशेदपुर में 50 से अधिक महत्वपूर्ण स्थलों पर रोशनी की जाएगी, जिसमें हेरिटेज बिल्डिंग, पूजा स्थल और चौराहे शामिल हैं. इन प्रदर्शनों में उपयोग की जाने वाली रंगीन रोशनी न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाएगी, बल्कि इस अवसर को यादगार भी बनाएगी. संस्थापक दिवस 2024 के लिए कंपनी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जुबिली पार्क, जमशेदपुर वर्क्स और पोस्टल पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, खेल कार्यक्रम और एसएनटीआई में एक विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी और जमशेदपुर वर्क्स में स्टीलेनियम हॉल में एक प्रदर्शनी शामिल है. मौके पर खेल कार्यक्रम जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और गोपाल मैदान में भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें कर्मचारियों और समुदाय के मनोरंजन के लिए कई खेल गतिविधियां शामिल होंगी.



