Site icon Lahar Chakra

Rahul Gandhi: JPSC में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फोन पर की बात, मदद का दिया आश्वासन

Ranchi. झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवाओं को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शनकारियों में शामिल एक छात्र नेता ने बृहस्पतिवार को यह दावा किया।

कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन का एक घटक दल है। छात्र नेता रविंद्र पासवान ने दावा किया कि बृहस्पतिवार शाम टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों से अपनी मांगों का विवरण भेजने को कहा और उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी समस्याओं को लेकर राज्य सरकार से बात करेंगे।

प्रदर्शनकारी 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने और भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि यह जांच या तो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए या फिर राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के एक पैनल से कराई जाए।

उन्होंने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में व्यापक सुधारों पर भी जोर दिया। छह प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं। छात्र-नेतृत्व वाले इस प्रदर्शन को बृहस्पतिवार को 13 दिन पूरे हो गए।

पासवान ने संवाददाताओं से कहा, “मेरी राहुल गांधी से बातचीत हुई। मैंने उन्हें यहां की स्थिति से अवगत कराया, खासतौर पर यह बताया कि परीक्षा माफिया किस तरह फल-फूल रहा है। मैंने उनसे कहा कि चूंकि उनकी पार्टी सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है, इसलिए उन्हें इस मामले में कांग्रेस का रुख स्पष्ट करना चाहिए।

Exit mobile version