
कटिहार. 144 साल बाद 13 जनवरी से आयोजित प्रयागराज महाकुंभ में अभी तक करोड़ों लोगों ने डुबकी लगाया हैं. जिस वजह से देश के अमूमन सभी रेलवे स्टेशनों पर महाकुंभ जाने वाले यात्रियों का सैलाब उमड़ा रहता है, जो कि 26 फरवरी तक ऐसा ही रहेगा. महाशिवरात्रि के दिन 26 फरवरी को महाकुंभ का समापन होना है और इसी दिन आखिरी शाही या अमृत स्नान भी है. कुंभ के अंतिम शाही स्नान में जाने के लिए यात्रियों में आपाधापी है.
इसी स्थिति और रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी जनसैलाब को देखते हुए रेल प्रशासन को महाकुंभ जाने वाले लोगों से गुहार लगानी पड़ रही है. डीआरएम और अन्य वरीय प्रशासनिक यात्रियों से सुरक्षित सफर और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए मनुहार करते रहे हैं. महाकुंभ जाने वाले यात्रियों को रलवे बार-बार सुरक्षित सफर करने का संदेश दे रही है.
प्रशासन और रेलवे की ओर से बार-बार अपील के बाद भी महाकुंभ में ट्रेन से जाने वाले यात्रियों का स्टेशनों पर तांता लगा रहता है. रेलवे स्टेशन और ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण यात्री टिकट रहते हुए भी डिब्बों में नहीं चढ़ पाते हैं. रेल प्रशासन भी भारी भीड़ को देखते हुए उसी को प्लेटफार्म पर आने दे रही है, जिसके पास टिकट होता है.
