
Chakardharpur. चक्रधरपुर रेल मंडल में हाथियों एक बार फिर ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है. मंगलवार की रात हाथियों का झुंड बंडामुंडा के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. इससे रेल यातायात घंटेभर प्रभावित रहा. हाथियों को खदेड़ने के बाद ही रेल यातायात सामान्य हो पाया. जानकारी के अनुसार हाथियों का एक झुंड भेजाडी होते हुए पुगराबहाल गांव की ओर निकला था . इसका पता चलने पर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी.
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को गांव से दूर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया. इसी दौरान हाथियों का झुंड भटकते हुए रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया. सुबह रेलवे ट्रैक के समीप हाथियों के देखे जाने की पुष्टि होने पर रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया.
झींकपानी के पास हाथियों का झुंड रेल पटरियों पर आया
चक्रधरपुर रेल मंडल के चाईबासा-डंगुवापोसी रेल खंड पर झींकपानी के पास हाथियों का एक अन्य झुंड रेल की पटरियों पर आ गया। इससे हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (कर्ट) ने मशालों और सायरन का उपयोग कर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद रेल यातायात बहाल हो सका।
