Site icon Lahar Chakra

Railway: भारतीय रेलवे ने इस साल अगस्त में 13.79 करोड़ टन माल की ढुलाई की, सालाना आधार पर अगस्त में 5.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज

New Delhi. भारतीय रेलवे ने इस साल अगस्त में 13.79 करोड़ टन माल की ढुलाई की, जबकि अगस्त 2025 में यह 13.09 करोड़ टन थी। इस तरह माल ढुलाई में सालाना आधार पर 5.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, माल ढुलाई में वृद्धि कोयला, लौह अयस्क, इस्पात, उर्वरक और अन्य वस्तुओं जैसे प्रमुख क्षेत्रों से बढ़ती मांग को दर्शाती है।” विज्ञप्ति में कहा गया कि रेलवे के जरिये माल ढुलाई बढ़ने से उद्योगों को भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिलती है और विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही में भी मदद मिलती है।

अधिकारियों ने कहा कि अगस्त 2026 के दौरान लौह अयस्क, क्लिंकर, उर्वरक आदि जैसी कई प्रमुख वस्तुओं की ढुलाई में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। रेल मंत्रालय के अनुसार, अगस्त 2026 में पांच नए गतिशक्ति माल टर्मिनल (जीसीटी) शुरू किए गए। इसके साथ 31 अगस्त 2026 तक शुरू किए जा चुके गतिशक्ति माल टर्मिनलों की कुल संख्या 149 हो गई।

यात्री यातायात में वृद्धि का उल्लेख करते हुए मंत्रालय ने कहा कि रेलवे ने अगस्त 2026 में 67.27 करोड़ यात्रियों को यात्रा कराई, जबकि अगस्त 2025 में यह संख्या 64.43 करोड़ थी। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “उपनगरीय यात्री यातायात में विशेष रूप से मजबूत वृद्धि दर्ज की गई और यह 9.02 प्रतिशत बढ़ा। अगस्त 2026 में कुल 38.01 करोड़ उपनगरीय यात्रियों ने यात्रा की, जबकि अगस्त 2025 में यह संख्या 34.89 करोड़ थी।

Exit mobile version