नई दिल्ली: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, महिलाओं और बच्चों से मुलाकात कर भारतीय रेलवे की ओर से दी जा रही सुविधाओं और सेवाओं को लेकर उनके अनुभव जाने।
निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने यात्रियों से पूछा कि रेलवे की मौजूदा व्यवस्थाओं और सुविधाओं से वे कितने संतुष्ट हैं। बातचीत में कई यात्रियों ने रेलवे में लगातार हो रहे सुधार और आधुनिक बदलावों की सराहना करते हुए मंत्री का आभार जताया।
युवाओं, महिलाओं और बच्चों से किया संवाद
स्टेशन पर रेल मंत्री का यात्रियों से मिलने का अंदाज सहज नजर आया। उन्होंने युवाओं से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया और बच्चों से हाथ मिलाकर स्नेह जताया। महिलाओं से भी स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं और यात्रा के अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
इस संवाद का उद्देश्य रेलवे की सुविधाओं को लेकर यात्रियों की वास्तविक प्रतिक्रिया जानना और यह समझना था कि स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का आम लोगों को कितना लाभ मिल रहा है।
चाय स्टॉल पर रुके, UPI से किया भुगतान
दौरे के दौरान अश्विनी वैष्णव स्टेशन परिसर स्थित चाय स्टॉल पर भी रुके। उन्होंने चाय पी और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के संदेश के साथ यूपीआई (UPI) के माध्यम से भुगतान किया।
रेल मंत्री का यह दौरा यात्रियों से सीधे फीडबैक लेने और रेलवे की सेवाओं को लेकर उनकी संतुष्टि समझने पर केंद्रित रहा।
