
Ranchi/jamshedpur. रेलवे ने ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इसी क्रम में रांची-जयनगर ट्रेन 18 अक्तूबर से एक नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी. वहीं जयनगर-रांची ट्रेन 19 अक्तूबर से दो नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी. मालूम हो कि नियमित राउरकेला-जयनगर ट्रेन में अत्यधिक भीड़ और वेटिंग के कारण लोगों को टिकट मिलने में परेशानी हो रही है. यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन राउरकेला से और तीन दिन जयनगर से चलती है.
रेल संघर्ष समिति ने की मांग
रेल संघर्ष समिति के नेतृत्वकर्ता ज्योति मिश्रा ने कांग्रेस प्रेक्षक एवं गुजरात के नौसेरा विधायक अनंत पटेल से सर्किट हाउस में मुलाकात की. उन्होंने टाटा-जयनगर ट्रेन को रोज चलाने और नए कोच लगाने की मांग रखी. समिति ने कहा कि फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन चल रही है, जबकि जमशेदपुर और आसपास करीब तीन लाख मिथिलांचलवासी रहते हैं, जिनकी लंबे समय से यह मांग रही है. यह संघर्ष तीस वर्ष से जारी है और लोकसभा चुनाव के दौरान रेल नहीं तो वोट नहीं आंदोलन के बाद ही ट्रेन की शुरुआत हुई.
