New Delhi. भारतीय रेलवे ने अक्टूबर में अबतक की सर्वाधिक माल ढुलाई दर्ज की। रेलवे ने इस दौरान 14.50 करोड़ टन माल का परिवहन किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 13.39 करोड़ टन था। इस तरह माल ढुलाई में 8.32 प्रतिशत की वृद्धि हुई। रेल मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर में कई प्रमुख वस्तुओं की ढुलाई में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। खाद्यान्न की ढुलाई में 26.3 प्रतिशत, घरेलू कोयले में 16 प्रतिशत, अन्य वस्तुओं में 11 प्रतिशत, क्लिंकर में 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनर में 6.3 प्रतिशत, लौह अयस्क में पांच प्रतिशत, खनिज तेल में 1.9 प्रतिशत और तैयार इस्पात में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बिजलीघरों की बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने घरेलू कोयले की ढुलाई बढ़ाई। अक्टूबर, 2026 में प्रतिदिन औसतन 469.8 रैक कोयले का परिवहन किया गया, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 393.2 रैक था। इस तरह इसमें 19.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
मंत्रालय ने कहा कि अक्टूबर में माल ढुलाई का बेहतर प्रदर्शन वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) के दौरान दर्ज वृद्धि के अनुरूप है। इस अवधि में रेलवे ने 97.87 करोड़ टन माल की ढुलाई की, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 93.51 करोड़ टन था। इस तरह इसमें 4.67 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यात्री परिवहन में भी अक्टूबर के दौरान लगातार वृद्धि दर्ज की गई। रेलवे ने इस महीने 64.72 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया, जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह संख्या 63.52 करोड़ थी।
