


Ranchi : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद, रांची द्वारा आयोजित पारा मेडिकल प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक स्तरीय) – 2025 का आयोजन 20 जुलाई 2025 (रविवार) को रांची जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा.
परीक्षा के सुचारु संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है. यह निषेधाज्ञा सुबह 7:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रभावी रहेगी.
निषेधाज्ञा के तहत प्रतिबंधित गतिविधियां:
पांच या उससे अधिक लोगों का एक जगह एकत्र होना (सरकारी ड्यूटी, कार्यक्रम या शवयात्रा को छोड़कर).
ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर आदि) का प्रयोग.
किसी प्रकार के हथियार जैसे बंदूक, रिवाल्वर, बम, बारूद आदि का साथ में रखना (सरकारी पदाधिकारियों को छूट).
लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला जैसे हथियार लेकर चलना.
किसी भी तरह की सभा या बैठक का आयोजन.
प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों और आम जनता से नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.



