
रांची: रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं जिला खनन पदाधिकारी द्वारा लगातार की जा रही छापामारी के बावजूद बुंडू क्षेत्र में अवैध बालू का कारोबार जारी होने की सूचना प्राप्त हो रही है.
सूत्रों की माने तो वरीय पुलिस अधीक्षक एवं जिला खनन पदाधिकारी के द्वारा लगातार की जा रही छापामारी के बावजूद अवैध बालू सिंडिकेट पर लगाम नहीं लगने से थाना की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है.
बुंडू अनुमंडल से सफेद हीरा कही जाने वाली रेत की ट्रांसपोर्टिंग टोल प्लाजा के मार्फत होते हुए रांची शहर एवं आस पास के क्षेत्र को जाती है, जबकि रोड में दशमफल थाना एवं नामकुम थाना भी स्थित है.
थाना के सामने से अवैध बालू लदे वाहन के पार होने से यह कयास लगाया जा रहा है कि अवैध बालू माफियाओं का संबंध ऊंचा होने के कारण अथवा साठगांठ होने के कारण उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है.जिसके कारण नियम कानून को ताक पर रखकर बुंडू क्षेत्र के बालू माफिया बेधड़क ओवरलोडिंग वाहनों से अवैध बालू का कारोबार कर रहे हैं.
थाना एवं संबंधित विभाग विभाग मानो कुंभकर्णी नींद ले रहा है.
बुंडू अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत लगातार हाईवा,ट्रक और डंपर इत्यादि में भरकर हो रहे अवैध बालू कारोबार पर जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करती है, यह भविष्य के गर्त में है !
जिला प्रशासन के लिए यह यक्ष प्रश्न बना हुआ है की बुंडू टोल प्लाजा से सैकड़ो वाहन किस प्रकार अवैध बालू का परिवहन कर रहे है! अवैध बालू परिवहन को रोकने वाला विभाग मौन क्यों है ? आखिर किसके इशारे पर बुंडू क्षेत्र में अवैध बालू का सिंडिकेट चल रहा है ? एवं अवैध बालू सिंडिकेट को कौन दे रहा है सहारा ?
