निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2 से 20 नवंबर तक तीन स्तरों पर होगी आयोजित; राज्यस्तर पर ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता का होगा आयोजन
5 नवम्बर को राज्य के सभी ELC के माध्यम से आयोजित कार्यक्रमों में ECINET ऐप डाउनलोड करने हेतु चलाया जाएगा विशेष अभियान
==================
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड, श्री के. रवि कुमार ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार युवाओं एवं भावी मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड राज्य में संस्थान, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, जिला तथा राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से 5 नवम्बर को आयोजित कार्यक्रम में ECINET ऐप डाउनलोड करने एवं सोशल मीडिया के माध्यम से इसके प्रति जागरूक करने का कार्य किया जाएगा । इसके साथ आयोग के निर्देशानुसार सभी जिलों में जिला स्तर, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर एवं ELC स्तर पर 2 से 20 नवंबर 2026 तक निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, युवाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक विमर्श को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री के. रवि कुमार ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण तथा लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया जा रहा है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता (राज्य स्तर)
राज्य स्तर पर आयोजित ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता में झारखण्ड राज्य अवस्थित शैक्षणिक संस्थाओं के कक्षा 9 एवं 10, कक्षा 11 एवं 12 तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपनी प्रस्तुति दे सकते हैं।
प्रतियोगिता के लिए तीन टॉपिक निर्धारित किए गए हैं—
1. शुद्ध मतदाता सूची से मजबूत लोकतंत्र।
2. लोकतंत्र क्या है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका।
3. मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण आवश्यक क्यों?
प्रतिभागियों को चयनित विषय पर 1 से 5 मिनट का भाषण वीडियो रिकॉर्ड कर निर्धारित गूगल फॉर्म
https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSdHwGG-KuRprw21uKo1yjBh1GkQICRHDSAbmiXC3quYPVPrIA/viewform?usp=publish-editor
के माध्यम से अपलोड करना होगा। यह फॉर्म मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के वेबसाइट, ऑफिसिल सोशल मीडिया हैंडल्स पर उपलब्ध रहेंगे। प्रतिभागी गूगल फॉर्म में वीडियो का गूगल लिंक भरते समय ध्यान रखें कि वीडियो पोर्ट्रेट फॉर्मेट (9:16) में बना होना चाहिए। वीडियो भाषण के साथ उसकी लिखित स्क्रिप्ट भी हिंदी अथवा अंग्रेजी में गूगल फॉर्म में अपलोड करनी होगी। वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित है।
हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषा श्रेणियों में अलग-अलग प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 3,000 रुपये के साथ ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की मौलिक अभिव्यक्ति एवं प्रस्तुति को प्राथमिकता दी जाएगी। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागी की वास्तविक आवाज एवं प्रस्तुति अनिवार्य होगी तथा AI द्वारा निर्मित दृश्य एवं ऑडियो सामग्री का उपयोग स्वीकार्य नहीं होगा।
निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता (ELC, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र एवं जिला स्तर)
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निबंध प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित किए गए हैं—‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ तथा ‘मतदान का महत्व’। विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए 500 से 800 शब्द तथा महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए 800 से 1200 शब्दों की शब्द सीमा निर्धारित की गई है। निबंध हिंदी या अंग्रेजी भाषा में लिखे जा सकेंगे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
दोनों प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित होंगी। प्रथम चरण में संस्थान स्तर पर ELC के माध्यम से प्रतियोगिता आयोजित कर प्रत्येक प्रतियोगिता से दो प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। दूसरे चरण में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चयनित प्रतिभागी भाग लेंगे, जहां से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10 प्रतिभागियों का चयन होगा। अंतिम चरण जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा।
संस्थान स्तर की प्रतियोगिताएं 2 से 7 नवंबर, विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 10 से 13 नवंबर तथा जिला स्तरीय फाइनल 16 से 18 नवंबर तक आयोजित किए जाने का कार्यक्रम निर्धारित है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं ELC समन्वयकों के माध्यम से इन प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल आयोजन सुनिश्चित का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाना एवं लोकतंत्र के प्रति जागरूकता फैलाना है।