


Ranchi.केंद्र सरकार द्वारा बार-बार समय दिए जाने के बाद भी राशन कार्ड के लाभुकों का ई-केवाईसी का कार्य पूरा नहीं हो पाया है. केंद्र सरकार ने अंतिम बार समय देते हुए 30 जून की समय सीमा निर्धारित की है. लेकिन राज्य में अब तक 74.58% लाभुकों का ही ई-केवाईसी हो पाया है. अब भी 64,62,406 लाभुकों का ई-केवाईसी नहीं हो पाया है. अब शेष बचे 10 दिनों के भीतर ही इनका ई-केवाईसी पूरा करना है. यह स्थिति तब है जब झारखंड में ई-केवाईसी पूरा करने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान भी चलाया गया था.
ई-केवाईसी पूरा करने के लिए केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राज्य के मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर इसे पूरा कराने का अनुरोध किया था. जो आंकड़े उपलब्ध हैं, उसके अनुसार राज्य में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत कुल 2,49,77,652 लाभुक हैं. इनमें से 18,51,52,46 लाभुकों का ही ई केवाईसी पूरा हो पाया है. बता दें कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में सबसे कम 63.65% ई-केवाईसी हो पाया है.



