
रांची. रांची पुलिस विभाग में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. निलंबित आरक्षी लम्बोदर कुमार महतो (आरक्षी संख्या 3749) के खिलाफ सरकारी हथियार और गोलियां गायब करने के आरोप में गोंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरक्षी लम्बोदर कुमार महतो को 21 सितंबर 2023 को सीसीआर ड्यूटी के लिए नियुक्त किया गया था और उसी दिन शस्त्रागार पुलिस केंद्र रांची से उसे एक रिवाल्वर और 30 राउंड गोली जारी की गई थी.
इसके बाद आरक्षी 26 अक्टूबर 2023 को छह दिनों के क्षतिपूर्ति अवकाश पर गया. लेकिन निर्धारित समय 2 नवंबर 2023 को ड्यूटी पर नहीं लौटा. उसने न तो किसी प्रकार की सूचना दी और न ही छुट्टी बढ़ाने की अनुमति ली. इस गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए उनका वेतन रोक दिया गया.
दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि आरक्षी को ड्यूटी पर लौटने के लिए विभाग की ओर से बार-बार पत्राचार किया गया लेकिन न तो उसने संपर्क किया और न ही कार्यालय में उपस्थित हुआ. इससे परेशान होकर विभाग ने उसे 12 मार्च 2025 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय कार्यवाही भी प्रारंभ कर दी.
18 अगस्त 2025 को आरक्षी लम्बोदर कुमार महतो ने डीआइजी सह एसएसपी से मिलकर बताया कि उनके पास से सरकारी रिवाल्वर और 30 चक्र गोलियां चोरी हो गई हैं. प्राथमिकी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जवान को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
