
Saraikela. सरायकेला जिले के राजनगर-चाईबासा एनएच-220 पर सोमवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रोला-खैरबनी मोड़ के समीप हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भारी वाहनों में तुरंत आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से भर गया।
इस अग्निकांड में ट्रेलर चालक की केबिन में ही जिंदा जलकर मौके पर मौत हो गई। वहीं हाइवा चालक को गंभीर हालत में मलबे से निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी आग से बचने के प्रयास में आपस में टकरा गए। वे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दूसरी दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि दमकलकर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा।
