
Gamahria.टाटा-कांड्रा मार्ग पर आइडीटीआर संस्थान के समीप बुधवार देर रात सड़क हादसे में एक शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई. ट्रेलर रफ्तार में कांड्रा की ओर जा रहा था. इसी दौरान आगे चल रही एक स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर लगते ही स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. चालक के फरार होने के बाद ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क पार करते हुए विपरीत दिशा से आ रही बुलेट से जा टकराया. बुलेट पर सवार दो युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया. हालांकि इलाज के दौरान स्कूटी सवार युवक और बुलेट सवार घायल युवक ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह इस हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हो गई. स्कूटी सवार मृतक पूर्वी सिंहभूम जिले के गदड़ा स्थित मध्य विद्यालय में शिक्षक के रूप में पदस्थापित थे. वहीं बुलेट सवार दोनों युवक गम्हरिया निवासी थे, जिनकी पहचान नवीन पाल और अभिषेक पाल के रूप में की गई है.
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है.फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है.
