Ranchi. झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं की तीन अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हजारीबाग में बरही चौक पर एक ट्रक ने 35 वर्षीय महिला और उसके नाबालिग बेटे को उस समय टक्कर मार दी, जब वह बच्चे के साथ सड़क पार कर रही थीं। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उर्मिला देवी और उनके बेटे दीपांशु के रूप में हुई है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राधा प्रेम किशोर ने कहा,‘वह दुर्गा पूजा के दौरान बरही स्थित अपने मायके आई थीं। पुलिस ने बताया कि मेदिनीनगर में मंगलवार रात मुरमकला गांव के पास एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

पड़वा थाने के प्रभारी अंचित कुमार ने कहा, उन्हें मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान चंदन सिंह (26) और धर्मवीर सिंह (21) के रूप में हुई है। इसके अलावा, गिरिडीह में मंगलवार को रानीखावा-जमुआ मुख्य मार्ग पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई।
पचंबा थाने के प्रभारी राजीव कुमार ने बताया, ‘‘मृतक दंपति की पहचान सहदेव नारायण चौधरी (71) और उनकी पत्नी माया देवी (65) के रूप में हुई है। चौधरी यहां की एक अदालत में अधिवक्ता थे। हादसा उस समय हुआ, जब वे घर लौट रहे थे।’’ उन्होंने बताया कि कार चालक का पता लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

