Site icon Lahar Chakra

Road Accident: गम्हरिया में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार कपाली के दो युवकों की मौत

Adityapur. गम्हरिया थाना क्षेत्र के टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर छोटा गम्हरिया निर्मल पथ के सामने मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने टाटा-कांड्रा मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, निवासी अंसार नगर (कपाली ओपी क्षेत्र), की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र), को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद काफी देर तक एंबुलेंस और पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और विरोध में टाटा-कांड्रा मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक तथा क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। हालांकि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने किसी तरह सड़क जाम हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Exit mobile version