Site icon Lahar Chakra

Saraikela: हाथी ने मचाया उत्पात, दीवार तोड़कर घर में घुसा, बाल-बाल बचे मां और दो बच्चे

Saraikela. कुकड़ू इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में एक जंगली हाथी ने जीतू महतो के घर पर हमला कर दिया। घटना के समय उनकी पत्नी और दो बच्चे घर के अंदर सो रहे थे। जानकारी के अनुसार, हाथी पहले घर में घुसा और वहां रखा अनाज खाने लगा। इसके बाद उसने घर की दीवार तोड़ दी। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। दोनों बच्चों ने किसी तरह खिड़की से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि उनकी मां घर के अंदर ही दुबककर बैठ गईं। महिला के अनुसार, हाथी ने कई बार उनकी ओर हमला करने की कोशिश की। जान बचाने के लिए उन्होंने घर में रखा अनाज हाथी को देने का प्रयास किया।

इसी दौरान हाथी ने जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। हाथी के हमले में घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है।

मां और दोनों बच्चे आंगन में रोते-बिलखते नजर आए। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने हाथियों के गांव में प्रवेश को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।

Exit mobile version