Saraikela -Kharsawa ।
नववर्ष से पूर्व जिले में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार और अधीक्षक, उत्पाद श्री सौरभ कुमार तिवारी के नेतृत्व में विशेष अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को गुप्त सूचना पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के गंजिया बैराज के पास स्थित ज्योति भट्ठा के निकट जंगलनुमा सुनसान क्षेत्र में संचालित एक अवैध विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र का उद्भेदन किया गया।
उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर त्वरित छापेमारी की, जहां एक अस्थायी ढांचे के अंदर बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में स्पिरिट, तैयार रंगीन शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, नकली ब्रांडेड लेबल, बोतल सील करने के उपकरण, कॉर्क और आसंजक पदार्थ मिले। शराब को रंग और स्वाद देने के लिए उपयोग किया जाने वाला कैरामेल भी बड़ी मात्रा में बरामद किया गया।
टीम द्वारा मौके से 200 लीटर स्पिरिट, लगभग 50 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब, तथा 2 लीटर कैरामेल जब्त किया गया। इसके अलावा मैकडॉवेल्स, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिज़र्व, रॉयल चैलेंज, आइकॉनिक सहित कई लोकप्रिय ब्रांडों की बोतलें पेटियों में पाई गईं, जो बाजार में बेचने की तैयारी में थीं।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गिरोह स्पिरिट में रंग और फ्लेवर मिलाकर उसे विदेशी शराब के रूप में बाजार में खपाने की तैयारी कर रहा था। बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, नकली ब्रांड लेबल और पैकेजिंग सामग्री यह दर्शाती है कि यहां लंबे समय से अवैध व्यापार चल रहा था और नववर्ष के मौके पर बड़ी मात्रा में शराब बेचने की योजना थी।
उत्पाद विभाग ने बताया कि इस धंधे में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित व्यक्तियों पर उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नववर्ष से पहले ऐसे अवैध कारोबार पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधियों को रोका जा सके।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
-
उत्पाद विभाग, सरायकेला–खरसावां: अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार एवं प्रतिनियुक्त जवान
-
उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम: निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव, उप निरीक्षक रामदास भगत, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, अवर निरीक्षक रामदेव पासवान
-
गम्हरिया थाना: थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक एवं पुलिस बल
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहा अभियान नववर्ष तक और कड़ा किया जाएगा।