Site icon Lahar Chakra

Saraikela Kharsawan News :उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की, शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश

सरायकेला। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना सहित कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले का कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर निगरानी को और प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

निर्माण कार्यों की प्रगति पर विशेष जोर

बैठक में धूमकुड़िया भवन, मांझीथान, सेड निर्माण, जाहेरथान तथा अन्य विकास योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन योजनाओं की स्वीकृति को तीन वर्ष से अधिक समय हो चुका है और अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उनकी नियमानुसार समीक्षा कर आवश्यकतानुसार योजना सरेंडर की कार्रवाई की जाए।

साइकिल वितरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

साइकिल वितरण योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लंबित वितरण कार्य को तुरंत पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी संवेदक द्वारा साइकिल वितरण में लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को वितरण कार्य का नियमित भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए।

एकलव्य विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों की होगी नियमित निगरानी

उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे एकलव्य विद्यालयों और कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने पर बल दिया।

बैठक के दौरान एकलव्य विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, संसाधनों, विद्युत आपूर्ति, जीर्णोद्धार और एप्रोच रोड निर्माण से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों और कार्य एजेंसियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, विभिन्न कार्य एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version