
Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन विभाग और कांड्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पदमपुर टोल प्लाजा पर विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध कोयला लदे चार वाहनों को जब्त किया है। चालकों द्वारा वैध दस्तावेज न दिखाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिसके बाद प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान वाहन संख्या JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 और JH05DE6826 के चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए। चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को जब्त कर कांड्रा थाना में सुरक्षित रखवा दिया है। जिला खनन विभाग ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित वाहन मालिकों एवं अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध खनन एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैरकानूनी माइनिंग, खनिजों को छिपाकर रखने और उनकी अवैध ढुलाई को पूरी तरह रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
