
Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके ही 20 वर्षीय चचेरे भाई पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के समय पीड़िता की चार वर्षीय छोटी बहन भी उसके साथ मौजूद थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची का परिवार पहले से ही गंभीर पारिवारिक संकट से गुजर रहा है।
कुछ समय पूर्व उसकी मां की हत्या हो गई थी और इस मामले में बच्ची के पिता जेल में बंद हैं। इसके बाद से बच्चों की देखभाल और संरक्षण को लेकर उनके बड़े पिता और मामा के परिवार के बीच लगातार विवाद चल रहा था। दोनों परिवार एक ही गांव में आसपास रहते हैं और इसी विवाद के बीच यह घटना सामने आई।
