Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के राजबांध हनुमान मंदिर के पास शनिवार को तेज रफ्तार बाइक के धक्के से अमन अंसारी (14) की मौत हो गई. आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी. मृतक की पहचान कमालपुर गांव निवासी अमन अंसारी के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, अमन अंसारी अपने बड़े भाई परवेज से मिलने राजबांध आया था. परवेज की वहां वेल्डिंग की दुकान है. अमन मुख्य सड़क पार कर रहा था. तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे सामने से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सामने से आ रही मैक्सिमो सवारी गाड़ी से भी जा भिड़ी.हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भागने लगा.
वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया. इधर, अमन की मौत से आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया.
