Lahar Chakra

SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: करकेट्टा डैम, शिव मंदिर और भीमखंदा का होगा पर्यटन विकास, डीसी ने तैयार कराया प्राक्कलन

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को कुचाई के करकेट्टा डैम, खरसावां के शिव मंदिर और राजनगर स्थित भीमखंदा का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थलों पर पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास और विस्तार को लेकर विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तीनों पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं, उनकी भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक विशेषताओं और धार्मिक-ऐतिहासिक महत्व का जायजा लिया। उन्होंने जिला पर्यटन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार को विकास कार्यों की संभावनाओं का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

पेयजल, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाओं पर जोर

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का आकलन किया जाए। इसमें बैठने और विश्राम करने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, पार्किंग और पहुंच पथ जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इसके अलावा स्थलों की प्रकृति और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, व्यू-प्वाइंट और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को विकसित करने का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से इन स्थलों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को स्थल की वास्तविक जरूरत और व्यावहारिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version