
Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले में जंगल में दो लोगों ने एक आदिवासी नाबालिग लड़की से कथित रूप से बलात्कार किया. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चांडिल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कथित सामूहिक बलात्कार के संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी उम्र करीब 20 वर्ष है. चांडिल के थाना प्रभारी दिलशान बिरुआ ने कहा ‘शिकायत के अनुसार किशोरी सोमवार को अपनी सहेली के साथ राशन की दुकान पर गई थी और आरोपी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बिठाकर पास के जंगल में ले गए. उन्होंने वहां कथित रूप से नाबालिग से बलात्कार किया. उन्होंने बताया कि लड़की की सहेली किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बच निकली और उसे घटना के बारे में ग्रामीणों को बताया जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर तलाश अभियान चलाया.
अधिकारी ने कहा, ‘सबर जनजाति की यह लड़की जंगल में बेहोशी की हालत में मिली. नाबालिग को एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. उसका वहीं इलाज हो रहा है. उन्होंने बताया कि नाबालिग और आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया.
